आगरा के उजरई विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के गांव पुरा गोवर्धन में बैलेंस होने के बावजूद उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। गांव के रहने वाले लाखन सिंह सिकरवार का आरोप है कि समाधान के लिए टोल फ्री नंबर से लेकर संबंधित अधिकारियों तक संपर्क किया लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। यह पहला मामला नहीं है। गांव में आए दिन स्मार्ट मीटर बंद होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
स्मार्ट मीटर और निर्बाध आपूर्ति की समस्याओं के समाधान की मांग
स्मार्ट मीटर की समस्या और विद्युत कटौती के मामले पर एत्मादपुर के भाजपा विधायक डॉ.धर्मपाल सिंह ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नितेश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने आंधी में उखड़े पोल और टूटे तार की समस्या भी रखी। प्रबंध निदेशक ने जल्द सभी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
विधायक डॉ.धर्मपाल सिंह ने बताया कि कई गांवों में आंधी से विद्युत पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस वजह से विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है। लोगों को पेयजल एवं अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर की तकनीकी खामियों का नुकसान उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है।
रिचार्ज होने के बावजूद कई घंटे तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होती है। मोहल्ला सत्ता हालनगंज निवासी सिकंदर सिंह के स्मार्ट मीटर में पर्याप्त धनराशि होने के बावजूद विगत नौ दिन पहले अचानक आपूर्ति बंद हो गई। उनके शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी प्रकार मोहल्ला सत्ता बघेलान निवासी हरीबाबू बघेल के मीटर में 1370 रुपये होने के बाद भी तीन दिन पहले कनेक्शन काट दिया गया। प्रबंध निदेशक ने तत्काल अधीनस्थ अधिकारियों को समस्याओं का तुरंत हल करने के निर्देश दिए।
हेल्प डेस्क बनाने की मांग
स्मार्ट मीटर की समस्या पर ग्रामीण इधर-उधर भटकते रहते हैं। सभासद मुफीस खां, माधव, सोमेंद्र राजपूत, राजदीपक गुप्ता आदि ने स्मार्ट मीटर की जानकारी वाले क्लर्क के नेतृत्व में हेल्प डेस्क की व्यवस्था करने की मांग की है।