कासगंज। जिले में मौसम में आए बदलाव के बाद त्वचा व पेट से जुड़े रोग तेजी से फैल रहे हैं। रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में 827 मरीज पहुंचे, इसमें सबसे अधिक मरीज त्वचा रोग व पेट से जुड़ी बीमारियों के आए। इसके साथ ही बुखार, डायरिया, सांस में दिक्कत सहित अन्य बीमारियों के मरीज पहुंचे। हालांकि चिकित्सक व स्टाफ की कमी से मरीजों को दिक्कतें हुई।
जिले के दो नगरीय एवं 29 ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर मेला आयोजित हुए। इसमें 21 स्वास्थ्य केंद्र पर ही चिकित्सक उपलब्ध रहे। पैरामेडिकल स्टॉफ की भी कमी रही। 91 पैरामेडिकल स्टाफ ही उपलब्ध रहे। बिडला अस्पताल केंद्र पर 95 मरीज आए। इसमें छह बुखार से पीड़ित रहे। चार मरीजों की मलेरिया की जांच की गई। तीन मरीज में शुगर व चार मरीज में ब्लड प्रेशर की बीमारी मिली। 11 महिलाओं ने प्रसव पूर्व अपनी जांच काई।
पवसरा स्वास्थ्य केंद्र पर 105 मरीज आए। इसमें पांच बुखार के मरीज आए। पांच मरीजों की मलेरिया की जांच की गई। किसी मरीज में मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई। सांस में दिक्कत के चार मरीज पहुंचे। चार मरीजों में शुगर व तीन मरीज में ब्लड प्रेशर की शिकायत मिली। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलाकर 827 मरीज पहुंचे। जिसमे 346 पुरुष, 347 महिलाएं व 134 बच्चे शामिल रहे। इसमें सबसे अधिक 175 मरीज त्वचा संबंधी बीमारियों से प्रभावित होकर आए। 116 मरीजों ने पेट से जुडी समस्याएं बताई। 14 मरीजों में लिवर की समस्या निकली। 37 मरीजों ने सांस में दिक्कत की समस्या बताई। बुखार के 42 मरीज पहुंचे। इसके अलावा अन्य बीमारियों के मरीज आए।