आगरा के शाहगंज के सराय ख्वाजा इलाके में बुधवार को नाला सफाई के दौरान खोपड़ी और हड्डियां मिलीं। इसकी जानकारी सफाईकर्मियों ने पुलिस को दी। पुलिस ने खोपड़ी और हड्डियों को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है। फारेंसिक एक्सपर्ट जांच कराई जाएगी।
जगनेर मार्ग पर सराय ख्वाजा पुलिस चौकी क्षेत्र में बुधवार को नाले की सफाई की जा रही थी। नाला पांच से सात फुट तक गहरा है। तभी सफाईकर्मियों को कीचड़ में एक खोपड़ी नजर आई। उसे बाहर निकाल लिया गया। वह कीचड़ में सनी हुई थी। उसके नरमुंड होने की आशंका जाहिर की गई। नाले में हड्डियां भी थीं। सफाईकर्मियों ने पुलिस को बुला लिया। खोपड़ी और हड्डियों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम गृह भेजा गया।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि खोपड़ी और हड्डियों को फोरेंसिक एक्सपर्ट के पास जांच के लिए भेजा जाएगा। यह कितना पुराना है, मनुष्य का है भी या नहीं, अगर, यह मनुष्य का है तो मृतक की उम्र कितनी थी, कितना पुराना है, पुरुष या महिला है, यह एक्सपर्ट ही बता सकते हैं। जांच के बाद इसका पता चल जाएगा। डीएनए सैंपल भी रखा जाएगा, जिससे किसी व्यक्ति के मृतक के अपने परिवार या परिचित का होने का दावा करने पर जांच कराई जा सके।
कहीं कोई लापता तो नहीं हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों में इस बात की चर्चा रही कि खोपड़ी और हड्डियां किसी लापता व्यक्ति या बच्चे की तो नहीं है, वह नाले में गिरा या फिर हत्या कर फेंक दिया गया, यह सवाल लोग खड़े कर रहे थे। हालांकि पुलिस के पास किसी लापता व्यक्ति के परिवार का कोई पहुंचा नहीं है।