मथुरा में स्कूल बस से उतरते वक्त पहली कक्षा के छात्र की मौत हो गई। वो कान्हा माखन पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसा शनिवार को हुआ था। मृतक छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
जगन्नाथपुरी कालोनी निवासी संजय यादव का बेटा जयवर्धन (6) कक्षा एक में पढ़ता था। वो दोपहर को स्कूल से घर वापस लौट रहा था। बताया जाता है कि घर के पास स्कूल बस से उतरते वक्त वो गिर गया था। इसी दौरान बस चल गई, जिसकी चपेट में आकर वो गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार वालों ने घायल छात्र को नयति हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। लोगों ने बताया कि बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। छात्र जयवर्धन के पिता संजय यादव श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आरक्षी हैं। वो मूलरूप से शिकोहाबाद (फिरोजाबाद) के रहने वाले हैं। जगन्नाथपुरी में परिवार के साथ किराये के मकान में रह रहे हैं।
घटना में मृतक छात्र के पिता संजय यादव ने थाना गोविंदनगर में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने कान्हा माखन स्कूल के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और स्कूल बस ड्राइवर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। इसके बाद जांच में जुट गई है।