बाबा दामोदर दास की गोशाला में बैठे गोवंश
वृंदावन की श्रीपाद गोशाला में रह रहीं गायों की संख्या अब बढ़ती जा रही है। वर्ष 1987 में यहां मात्र 80 गाय हुआ करती थीं, लेकिन आज इस गोशाला में गायों की संख्या छह हजार से अधिक है। यही कारण है कि प्रतिदिन इन गायों के चारे-पानी का खर्चा दो लाख रुपये तक हो जाता है।
मथुरा-वृंदावन रोड स्थित श्रीपाद गोशाला के संचालक बाबा दामोदर दास पिछले 20 वर्षों से यहां सेवा में लगे हैं। यहां की सभी गाय बाबा के इशारों पर चलती हैं। चारा मिलाने के लिए यहां अलग मशीन है तो बीमार गायों के इलाज के लिए अलग से मेडिकल स्टोर।
इस गोशाला की खासियत यह है कि गायों से सिर्फ उतना ही दूध दुहा जाता है जितना की गोशाला को जरूरत हो। चारा डालने के लिए यहां जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद ली जाती है, जिसके संचालन के लिए 30 लोगों की लेबर कार्यरत है। बाबा दामोदर दास कहते हैं कि उन्होंने कभी किसी के आगे हाथ नहीं फैलाया। समय-समय पर सेवाभावी लोग गायों की सेवा करने आगे आ जाते हैं। गोशाला में कुछ सांड़ भी हैं।