Agra News: हादसे में क्षतिग्रस्त ऑटो
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आगरा में भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां कार और सवारी लेकर जा रही ऑटो में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग भागकर पहुंचे। हादसा इतना भीषण इतना था कि लोग दृश्य देखकर लोग दहल उठे। जब तक घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाता पांच लोगों की सांसें थम गईं। जबकि मंगलवार की सुबह ब्रजेश देवी (46) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
हादसा सोमवार की देर रात खेरागढ़ थाना क्षेत्र में कस्बा के सैंया रोड पर हुआ। यहां एक ऑटो आगरा से सवारियां लेकर खेरागढ़ आ रहा था। इसमें चालक समेत 10 लोग बैठे थे। खेरागढ़-सैंया मार्ग पर दीनदयाल मंदिर के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उसकी सीधी भिंड़त हो गई। आमने-सामने की टक्कर में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। मौके पर चीख पुकार मच गई।
यह भी पढ़ेंः- Video: भाजपा सांसद के बाद विधायक ने बीच चौराहे पुलिस को हड़काया, बोले- वर्दी का ख्याल है नहीं तो यहीं ठोकेंगे
ऑटो में सवार लोग उसके पलटने से उसी के नीचे दब गए। चीखें सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। लोगों ने ऑटो के नीचे दबी सवारियों को निकालना शुरू किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बृजमोहन शर्मा (62) निवासी खेरागढ़, ऑटो चालक भोला निवासी अयेला और सुमित (12) निवासी नगला उदया को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ेंः- UP News: आधी रात को पत्नी के कमरे में था अंजान शख्स, शोर सुनकर पहुंचा पति, नजारा देख छूट गए पसीना
अन्य सभी घायलों का इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान सुमित के पिता जयप्रकाश (45) और खेरागढ़ निवासी मनोज शर्मा (35) की सांसें थम गईं। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि हादसे के बाद कार सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसीपी महेश कुमार ने बताया कि हादसे में कुल छह लोगों की मौत हुई है। इनमें से एक महिला ब्रजेश देवी (46) ने मंगलवार की सुबह दम तोड़ दिया। अन्य चार घायलों का इलाज चल रहा है।