आगरा। ट्रेनों में पंचोत्सव पर घर जाने वालों की भीड़ भले ही कम हो गई हो मगर अब छठ पूजा के लिए जाने के लिए लंबी वेटिंग चल रही है। अधिकांश ट्रेनों में दिवाली के बाद भी कन्फर्म सीट मिलना आसान नहीं है। दूसरी ओर, रेलवे ने नवंबर में आगरा कैंट और ईदगाह स्टेशनों पर ठहराव वाली कई स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इनसे यात्रियों को त्योहार से वापसी के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि त्योहारों पर 71 स्पेशल ट्रेनें 673 फेरे लगाएंगी। झांसी-हजरत निजामुद्दीन अनारक्षित स्पेशल (01901) 11, 12 और 13 नवंबर को कैंट पर रात 11:10 बजे पहुंचेगी। वापसी में 01902 ट्रेन 10, 12, 13 और 14 नवंबर को सुबह 9:10 बजे कैंट पहुंचेगी। ललितपुर-हजरत निजामुद्दीन आरक्षित स्पेशल (01927) 10 नवंबर को रात 11:10 बजे और वापसी में 01928 ट्रेन 11 नवंबर को सुबह 9:10 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी।
ईदगाह स्टेशन पर अहमदाबाद-राजगीर स्पेशल (09441) 11 नवंबर को दोपहर 1:57 बजे और राजगीर-अहमदाबाद स्पेशल (09442) 13 नवंबर को सुबह 4:48 बजे पहुंचेगी। राजकोट-बरौनी स्पेशल (09569) 12, 19 और 26 नवंबर को सुबह 11:40 बजे तथा बरौनी-राजकोट स्पेशल (09570) 14, 21 और 28 नवंबर को शाम 4:50 बजे पहुंचेगी। साबरमती-मुजफ्फरपुर स्पेशल (09473) 14 नवंबर को सुबह 9:39 बजे और वापसी में मुजफ्फरपुर-साबरमती स्पेशल (09474) 16 नवंबर को रात 2:24 बजे ईदगाह पहुंचेगी। इनसे बिहार, गुजरात, राजस्थान और पूर्वांचल के यात्रियों को राहत मिलेगी।