बल्केश्वर में शुक्रवार रात करीब 10 बजे धार्मिक जुलूस के दौरान घर के पास खड़े एक युवक को डंडा लग जाने से दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से नारेजाबी होने लगी। पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह माहौल बिगड़ने से बचाया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में ही जुलूस निकाला गया। बल्केश्वर में भी पुलिस तैनात कर दी गई है।
जुलूस मोहल्ला रजवाड़ा से निकला था। इसमें कुछ लोग हाथों में रॉड और डंडे लेकर चल रहे थे। रात दस बजे यह बल्केश्वर में पहुंचा। यहीं का रहने वाला युवक रोबिन सक्सेना उस समय प्राइवेट कंपनी से ड्यूटी कर घर लौटा था। वह घर के पास ही खड़ा था कि वहां से जुलूस गुजरने के दौरान उसे डंडा लग गया। उसने शोर मचाया कि उसे डंडा जान बूझकर मारा गया है। इस पर आस पास के लोग जमा हो गए। जुलूस में शामिल लोग नारेबाजी करने लगे। रोबिन पक्ष के लोगों ने भी धार्मिक नारे लगाने शुुरू कर दिए।
जुलूस के साथ चल रहे दो सिपाहियों की सूचना पर थाना से पुलिस पहुंच गई। थोड़ी देर में सीओ हरिपर्वत एके सिंह भी आ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया। रोबिन पक्ष के सोम का आरोप था कि डंडा जानबूझकर मारा गया था।
उधर, सीओ ने बताया कि युवक को डंडा लगने पर कुछ हंगामा हुआ था। पुलिस के समझाने पर लोग मान गए। अब कोई विवाद नहीं है। किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है।