मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र के गांव हरगनपुर निवासी शिक्षक की गोली मारकर हत्या के मामले में खुलासे को लेकर एसपी ने एसआईटी गठित की है। अपर पुलिस अधीक्षक को टीम का अध्यक्ष बनाया गया है। सात लोगों की टीम ने स्वाट और सर्विलांस प्रभारी भी शामिल किए गए हैं।
भोगांव क्षेत्र में स्टेशन रोड निवासी शिक्षक हेमसिंह राजपूत की 25 जनवरी को तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर चार संदिग्ध लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी। हांलाकि पुलिस के पास एक संदिग्ध का नाम जरूर सामने आया। लेकिन उसकी गिरफ्तारी ही नहीं हो सकी। पुलिस दबाव के चलते एक संदिग्न्ने न्यायालय में समर्पण कर दिया। जिसे बाद में जमानत भी मिल चुकी है।
पीड़ित परिजन की ओर से न्याय व हत्याकांड के सही खुलासे को लेकर एसपी विनोद कुमार से मांग की गई थी। एसपी ने परिजन की मांग पर हत्याकांड के खुलासे और सही जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। गठित की गई टीम का अध्यक्ष अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास को बनाया गया है। इसके अलावा सीओ भोगांव सुनील कुमार सिंह, सीओ चंद्रकेश सिंह, स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित, सर्विलांस प्रभारी अजय मलिक, प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह और सह विवेचक रोहित सिंह शामिल हैं। कुल सात लोगों की टीम को सही तथ्यों पर विवेचना व असली अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार को एसपी ने हेमसिंह हत्याकांड में गठित की गई टीम के साथ बैठक की। इसके साथ कार्रवाई को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर किशनी करेंगे जांच
भोगांव क्षेत्र में हेमसिंह हत्याकांड की जांच प्रभारी निरीक्षक थाना भोगांव गगन कुमार गौड़ से हटा दी गई है। एसपी ने बताया कि अब हत्याकांड की जांच प्रभारी निरीक्षक थाना किशनी अनिल सिंह करेंगे। उनके साथ सह विवेचक रोहित रोहित सिंह होंगे।
-
वर्जन
जनवरी माह में हेमसिंह हत्याकांड की जांच व खुलासे को लेकर सात सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। एएसपी को टीम का अध्यक्ष बनाया गया है। जल्द ही पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार कर खुलासा करेगी। -विनोद कुमार, एसपी मैनपुरी।