मैनपुरी। जिले में पिछले एक महीने से रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है। गर्मी के चलते बच्चे और बुजुर्ग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। थाना दन्नाहार क्षेत्र में ननिहाल में आए एटा के अलीगंज निवासी छह साल के बच्चे की हीट स्ट्रोक से मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है।
एटा जिले के कस्बा अलीगंज निवासी फैजान की ससुराल थाना दन्नाहार क्षेत्र के डेरा बंजारा में है। 20 दिन पूर्व उनका छह वर्षीय पुत्र रिहान अपनी मां नगीना के साथ ननिहाल आया था। बृहस्पतिवार को नगीना रिहान को उसकी नानी के पास छोड़कर पति के साथ अलीगंज चली गईं। रात में अचानक हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत्यु का कारण जानने के लिए परिजन ने पुलिस से पोस्टमार्टम की मांग की। जिस पर दन्नाहार थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शुक्रवार को रिपोर्ट में हीट स्ट्रोक से मृत्यु होना आया। बालक की मृत्यु होने से परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।
सीएमओ बोले, टीम भेजकर कराई जाएगी जांच
सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि बच्चे की मौत के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। शनिवार को गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। बच्चो कितने दिन से बीमार था या उसकी हालत अचानक बिगड़ी है उसने कहां-कहां उपचार लिया इन सब बातों की जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी कोई जानकारी नहीं है पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी जांच कराई जाएगी।