आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के गांव खेड़ी अडू में भाभी ने देवर का प्राइवेट पार्ट काट दिया था। देवर एक कंपनी में इंजीनियर है। युवक की दिल्ली एम्स में सर्जरी की गई है। युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष बरहन के अनुसार डाॅक्टरों ने बताया है कि युवक की हालत खतरे से बाहर है। युवक अभी 48 घंटे की गहन निगरानी में हैं। यदि इन्फेक्शन नहीं हुआ तो खतरा और कम हो जाएगा। मामले में जेठानी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दिवाली मनाने घर आए हुए थे
सीमेंट कंपनी के सहायक इंजीनियर योगेश कुमार दिवाली मनाने के लिए घर आए हुए थे। इस दाैरान भाभी ने उनका प्राइवेट पार्ट काट दिया था। तत्काल ही परिजन इंजीनियर को एसएन मेडिकल काॅलेज ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया। वहीं, महिला अपने पति के साथ घर से भाग गई। घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
योगेश कुमार हल्द्वानी स्थित एक सीमेंट कंपनी में कार्यरत हैं। दिवाली मनाने के लिए छुट्टी लेकर रविवार को घर आए थे। सोमवार को परिजनों के साथ पूजा की। इसके बाद घर के बाहर ही सो गए थे। परिजनों का आरोप है कि योगेश की भाभी तीन बच्चों के साथ अपने कमरे में सो रही थीं। रात करीब दो बजे भाभी ने युवक को अपने कमरे में बुलाया। इसके बाद प्राइवेट पार्ट काट दिया।
योगेश के चीखने पर परिजन जाग गए। उसे तुरंत अस्पताल ले गए। वहीं घटना की जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई। युवक को गंभीर हालत में दिल्ली में भर्ती कराया गया । पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि भाभी पर इंजीनियर का प्राइवेट पार्ट काटने का आरोप है। घायल के ठीक होने पर बात की जाएगी।
जेठानी ने दी थाने में तहरीर
देवर का प्राइवेट पार्ट कटने के मामले में आरोपी देवरानी के खिलाफ जेठानी ने देर शाम थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जेठानी ने तहरीर में लिखा है कि देवरानी अर्चना देवर की शादी अपनी बहन से कराने का परिवारीजनों पर दबाव डाल रही थी। इसको लेकर उसने देवर का प्राइवेट पार्ट काट दिया।
बहन से शादी का बना रही थी दबाव
घटना के बाद गांव में कई चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि योगेश शिक्षित हैं। अच्छी कंपनी में नौकरी करते हैं। भाभी अपनी छोटी बहन से उसकी शादी करवाना चाहती थीं मगर परिजन ने युवक की शादी दूसरी जगह तय कर दी। नवंबर में शादी होने वाली है। इससे नाराज होकर भाभी ने घटना को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें-
UP: फिरोजाबाद में तेज रफ्तार रोडवेज बस का कहर...कई लोगों को राैंदा, मच गई चीखपुकार; एक की माैत