आगरा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान गणना प्रपत्र भरने वाले 4 लाख से अधिक शहरी क्षेत्र के मतदाताओं का रिकाॅर्ड 2003 की सूची से मेल नहीं खा रहा। ऐसे में इनकी मैपिंग नहीं हो पा रही। उत्तर, दक्षिण और छावनी क्षेत्र में मैपिंग नहीं होने से सबसे ज्यादा मतदाता प्रभावित हैं।
जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं होगी। उन्हें नोटिस जारी होंगे। ऐसे मतदाताओं को अपना मताधिकार सिद्ध करने के लिए दस्तावेज व अन्य साक्ष्य प्रस्तुत करने पड़ेंगे। दक्षिण, छावनी, उत्तर और एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में 4 लाख से अधिक मतदाता की मैपिंग नहीं हो सकी है।
सोमवार को मैपिंग में पिछड़े बीएलओ की जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद बंगारी ने सूरसदन में बैठक बुलाई। उन्हें मैपिंग का प्रशिक्षण दिया। खराब प्रदर्शन करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजर से संवाद किया। डीएम ने कहा कि 26 दिसंबर तक मैपिंग कार्य पूर्ण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी बीएलओ, सुपरवाइजर को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
छावनी क्षेत्र में 4.82 लाख मतदाता हैं। जिनमें 1.30 लाख की मैपिंग नहीं हो सकी। दक्षिण में 3.70 लाख मतदाताओं में करीब एक लाख मतदाताओं का रिकाॅर्ड 2003 की सूची से मिलान नहीं हो पा रहा। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 4.54 लाख में 1.50 लाख से अधिक मतदाता मैपिंग से वंचित हैं।