चांदी के दाम बढ़ने से आगरा में पिछले साल 500 से 1000 रुपये में मिलने वाली चांदी की राखियां अब 2500 से 3500 रुपये तक पहुंच गई हैं। सोने की कीमत 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम होने से एक ग्राम सोने की राखी करीब 16 हजार रुपये की हो गई है, जिससे बाजार में ग्राहक कम हैं।
रक्षाबंधन पर इस बार आसमान छूते सोने-चांदी के भावों और खराब मौसम ने बाजारों की रौनक छीन ली है। महंगाई की मार से बहनों का बजट बिगड़ गया है, जिससे प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा है। पिछले साल जो चांदी की राखी 500 से 1,000 रुपये में मिल जाती थी, वह अब 2,500 से 3,500 रुपये तक पहुंच गई है।
विज्ञापन
महज एक महीने में चांदी के भाव में 10 हजार रुपये का उछाल आया है। चौबेजी फाटक बाजार में सराफा कारोबारी तरुण अग्रवाल ने बताया कि चांदी के 2.45 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंचने से 10-10 ग्राम की राखियां भी दुकानों पर नहीं बिक पा रही हैं। जौहरी बाजार, चौबेजी फाटक, किनारी बाजार, लोहामंडी और शाहगंज में त्योहार के बावजूद ग्राहक कम हैं। वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण बहनें भी खरीदारी के लिए घरों से नहीं निकल पा रही हैं।
एक ग्राम चांदी की राखी 16 हजार की
16 हजार रुपये की हुई एक ग्राम सोने की राखी चांदी ही नहीं, सोने की राखियों के दाम भी आम आदमी की पहुंच से दूर हो गए हैं। बुधवार को सोने का भाव 1.53 लाख रुपये प्रति दस ग्राम रहा, जिससे एक ग्राम सोने की राखी की कीमत 16 हजार रुपये हो गई है। श्री सराफा कमेटी के महामंत्री देवेंद्र गोयल ने बताया कि सोना-चांदी महंगा होने के कारण राखियों के ग्राहक नहीं मिल रहे हैं। बेतहाशा महंगाई से इस बार राखी का बाजार पूरी तरह ठंडा पड़ा हुआ है।