फतेहपुर सीकरी। डौली आर्ट्स के बैनर तले मंगलवार को दूसरे दिन सीकरी में लाल पत्थर से बनी मुगलिया तामीर में धारावाहिक रिटर्न्स ऑफ मुगलेआजम की शूटिंग की गई। शूटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी।
मुख्य भूमिका में अकबर का किरदार निभा रहे रंजीत कुमार की कड़कड़ाती आवाज में डायलॉग सुन लोग जहां के तहां खड़े रह गए। गुलिस्तां टूरिस्ट कांपलेक्स में शूटिंग के दौरान उन्होंने डायलॉग बोला, उस्ताद फिर से मुगलेआजम जमीन पर आ गया है। अब गरीब और मजलूमों से कोई टैक्स नहीं वसूलेगा, ना ही प्यास बुझाने के लिए कोई पानी की कीमत देगा। धारावाहिक में बादशाह अकबर के पुन: धरती पर आने की कहानी दिखाई गई है। जो धरती पर आकर देखता है कि जब मेरा राज फतेहपुर सीकरी पर हुआ करता था तब प्रजा कितनी खुश थी और आज प्रजा कैसे रहती है। शूटिंग के दौरान बादशाह अकबर शाही बग्गी पर सवार होकर शहर की दयनीय हालत को देखने निकले और जनता के दुख-दर्द देखकर काफी उदास हो जाते हैं। धारावाहिक का निर्देशन जीतू अरोड़ा कर रहे हैं। शूटिंग के दौरान प्रबंधक दीनानाथ, रणजीत सोलंकी, आदित्य फौजदार आदि ने सहयोग किया।