आगरा। दृढ़ इच्छा शक्ति का परिचय देते हुए आगरा की बेटी श्वेता पारस ने चोटिल होेने के बावजूद वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। श्वेता ने अंडर-17 के 53 किलोग्राम भारवर्ग में लगातार तीन मुकाबले जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। दो माह पूर्व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान श्वेता के दाहिने हाथ की कोहनी में गंभीर चोट आई थी। इलाज जारी होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और वाराणसी में आयोजित केदार पहलवान स्मृति सब जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में मजबूत इरादों के साथ मैदान में उतरीं। कक्षा 11 की छात्रा श्वेता वर्तमान में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के रीजनल सेंटर, लखनऊ में कुश्ती का प्रशिक्षण ले रही हैं।