आगरा। भाजपा के प्रदेश मंत्री व एमएलसी विजय शिवहरे ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगरा कॉलेज के सामने एमजी रोड के बीच स्थित धार्मिक स्थल के कारण प्रभावित हो रहे यातायात की परेशानी को रखा। उन्होंने आगामी बजट में आगरा के विकास को और गति प्रदान करने के लिए प्रमुखता देने की भी मांग की। शिवहरे ने बताया कि सीएम ने उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
सीएम से मिले वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मांगी हिस्सेदारी
आगरा। भारतीय वैश्य समाज सभा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से लखनऊ स्थित कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वैश्य समाज को जनसंख्या के अनुपात में अधिक प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी होली मिलन समारोह तथा लखनऊ या गाजियाबाद में स्थायी कार्यालय की आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान डॉ. संजीव वार्ष्णेय, विनोद अग्रवाल, सत्यप्रवीर गुप्ता, वैभव केला आदि मौजूद रहे।