फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश की झड़ी, ठहर गई जिंदगी

Mon, 18 Jul 2016 01:08 AM IST
अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
बारिश की झड़ी, ठहर गई जिंदगी - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
डूब गईं शहर की सड़कें, घरों में भरा पानी
विज्ञापन


होटल और पाश कालोनियों तक में लोग फंसे 

लगातार हो रही बारिश से जनजीवन ठहर सा गया। रविवार को शहर की सड़कें पानी में डूृब गईं। रेलवे ट्रैक धंस गया। नाले उफनने लगे और घरों-दुकानों में गंदा पानी भर गया। चार से पांच फुट पानी से वाहन निकालने में चालकों के पसीने छूट गए। मलिन बस्तियां हों या पाश कालोनियां सबके हाल एक जैसे थे। हर बार की तरह बिजलीघर चौराहा पर भीषण जलभराव हुआ। कई दुकानों में पानी ऊपर तक भरा। बता दें कि बारिश की वजह से ग्राहक कम निकल रहे हैैं ऊपर से दुकानदारों को माल खराब होने का नुकसान उठाना पड़ रहा है। 
जिले में पिछले चार दिन से रुक रुककर बारिश हो रही है। शनिवार शाम से रविवार शाम करीब चार बजे तक बारिश की झड़ी लगी रही। इस बीच कई बार मूसलाधार बारिश हुई। इसकी वजह से शहर में जबरदस्त जलभराव हुआ। 
विज्ञापन

मोहनपुरा, सुंदरपाड़ा, आजमपाड़ा, सैयदपाड़ा, गोकुलपुरा, अशोक नगर सहित कई मुहल्लों में भीषण जलभराव हुआ। लायर्स कालोनी में नालियां चोक होने घरों में पानी भर गया। बाग फरजाना में भी यही हालात थे। कमला नगर, बल्केश्वर में सड़के तलैया बन गईं। 

घरों में पानी, लोग छतों पर 
शाहगंज स्थित नगला पृथ्वीनाथ में एक फुट पानी भर गया। 50 से अधिक घरों और दुकानों में पानी भरने के कारण लोग छतों पर चढ़ गए। खुद ही जलनिकासी का प्रयास करते रहे। 
खंदौली के गांव पूरा गोवर्धन में पोखर का पानी घरों में घुस गया। लोग घरों की छत पर चढ़ गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव नगर निगम की सीमा में आता है। इसके बावजूद अभी तक पोखर की सफाई नहीं कराई गई।
ताजगंज मलिन बस्ती मीरा विहार में कई फुट तक पानी भर गया। करीब 250 मकान पानी में घिर गए। चार घरों की दीवारें धराशाई हो गई। लोग अपने घरों की छतों पर चढ़ गए। 

ये इलाके पानी से घिरे
टीपी नगर, एमजी रोड, बिजलीघर, शिवाजी मार्केट, नाला काजी पाड़ा, छीपीटोला रोड, वीआईपी रोड, केदार नगर, शंकरगढ़ की पुलिया, अवधपुरी रोड, आजमपाड़ा, बेलनगंज, जीवनी मंडी, यमुना किनारा रोड, शमसाबाद रोड, सेंट जोंस, तोता का ताल, कैलाशपुरी रोड, आवास विकास कालोनी, बल्केश्वर, कमला नगर, देवरी रोड, शहीद नगर, दयालबाग में अमर विहार कालोनी, राधा विहार, टेढ़ी बगिया सहित कई इलाकों में पानी भीषण जलभराव हुआ।

चर्च रोड, रोशन मुहल्ला में नहीं भरा पानी
थोड़ी सी बारिश में जो इलाके जलमग्न हो जाते थे वहां नगर निगम की सतर्कता की वजह से पानी नहीं भरा। रोशन मुहल्ला में सुबह छह बजे ही टीम पहुंच गई थी। बिजलीघर पर मशीन लगा दी गई थी, इसकी वजह से वहां पानी नहीं भरा। चर्च रोड और सूरसदन पर भीषण पानी भरता है, लेकिन वहां भी पानी जमा नहीं हुआ।

उफान मार गए थे शहर के नाले
देवरी रोड पर सेना के क्षेत्र से गुजर रहा भूमिगत नाला बंद होने की वजह से बहुत परेशानी रही। छोटा नाला इतना दबाव नहीं झेल पाया और आसपास की बस्तियों में पानी भर गया।

निगम ने झोंक दी पूरी ताकत
रविवार को छुट्टी के दिन भी नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी। जेडएसओ सीपी शर्मा ने बताया कि 25 सफाई निरीक्षक, 500 मजदूर, 12 जेसीबी, 10 चेन मशीन शहर भर में लगाई गई थीं। जहां भी नाला चोक मिलता तुरंत टीम मौके पहुंचती और नाला साफ करती। नगर आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कुछ स्थानों को छोड़कर शेष पूरे शहर में बारिश समाप्त होने के एक घंटे के भीतर पानी निकल गया था। 

कई परिषदीय स्कूलों में जलभराव
बारिश से जिले के अधिकतर परिषदीय बेसिक स्कूलों के प्रांगण में पानी भर गया है। नगर क्षेत्र में कई स्कूलों में भवनों में छत से पानी टपक रहा है। सोमवार को स्कूल खुला तो पढ़ाई मुश्किल होगी। सोंठ की मंडी, रुई की मंडी, सुभाष पार्क, राधा नगर, नगर निगम स्थित विद्यालयाें के प्रांगण की दशा खराब है। और तो और बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास स्थित प्राथमिक और जूनियर विद्यालय के सामने जलभराव है। 

एक दिन में 136.4 मिमी बारिश, इसलिए बिगाड़े हालात
शनिवार की रात से शुरू हुई जोरदार बारिश रविवार को पूरे दिन नहीं थमी। जनजीवन जरूर अस्त-व्यस्त हो गया। 20 घंटे से लगातार हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई। बारिश ने सीजन में दूसरी बार शतक पार किया। देर शाम तक 136.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की जा चुकी थी। 
विज्ञापन

इसके पूर्व पांच जुलाई को बारिश ने 24 घंटे में सैकड़ा पार किया था। रात तक 33.2 मिमी बारिश हुई। इस तरह पूरे दिन में 136.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। 
अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिनों तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। अगर इसी तरह बारिश जारी रही तो 50 साल का रिकार्ड टूट जाएगा।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें