मैनपुरी। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। डीएम ने गोल्डन कार्ड की प्रगति की समीक्षा में डॉ. संजीव राव बहादुर, डॉ. सुनील पांडेय, अशीम दुबे को, समय से वीएलई के उपस्थित न होने पर जिला प्रबंधक जितिन मिश्रा, सौरभ दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि पात्रों के तत्काल गोल्डन कार्ड बनाएं। आशा, आंगनवाडी कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, कोटेदारों, सचिवों का सहयोग लें। पूर्ति अधिकारी अन्त्योदय राशन कार्ड धारकों की ग्रामवार सूची उपलब्ध कराएं। सूची के अनुसार शेष पात्रों के घर जाकर उन्हें गोल्डन कार्ड से आच्छादिंत करें। खंड विकास अधिकारी नेतृत्व दें ताकि गरीबों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध रहें। दवाओं का मिलान, सत्यापन सीएमओ, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ द्वारा किया जाए।
डीएम ने कहा कि बीडीओ रोजाना ग्रामों का भ्रमण करके योजनाओं की समीक्षा करें। निराश्रित गोवंश सड़कों पर नहीं दिखना चाहिए। सीडीओ विनोद कुमार, एडीएम रामजी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीपी सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एसएन मौर्य, परियोजना निदेशक डीआरडीए केके सिंह, डीसी एनआरएलएम पीसी राम, उप निदेशक कृषि डीवी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता मौजूद रहे।