मैनपुरी। शहर के स्टेशन रोड स्थित प्रिंटिंग प्रेस की दुकान में सोमवार की शाम शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग में दुकान में रखीं मशीनें व अन्य सामान जल गया। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू किया।
शहर के आवास विकास कालोनी निवासी अन्नू राठौर रेलवे स्टेशन के पास प्रिंटिंग प्रेस का संचालन कर रहे हैं। सोमवार की शाम रोजाना की तरह वह दुकान बंद करने के बाद घर चले गए थे। रात में किसी समय शॉर्ट सर्किट के चलते दुकान में आग लग गई। रात में लगी आग के बारे में अन्नू को मंगलवार की सुबह जानकारी हो सकी। मौके पर पहुुंचने के बाद फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने दुकान में लगी आग पर काबू किया। आग में मशीनें, कंप्यूटर आदि सामान जलकर राख हो गया। प्रिंटिंग प्रेस संचालक के अनुसार आग में करीब 20 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।