नगर निगम कर्मी और दुकानदार में हुई नोकझोंक
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में पॉलिथीन पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने के लिए नगर निगम की टीम सोमवार को बाजार में निकली। टीम ने दुकानों के अंदर जाकर पॉलिथीन की चेकिंग की लेकिन इसका दुकानदारों ने विरोध किया। नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के बाद टीम वापस लौट आई।
नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार के निर्देश पर सोमवार सुबह दस बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुभाष तिराहे से पॉलिथीन के खिलाफ अभियान शुरू किया।टीम में शामिल नगर निगम के कर्मचारियों ने नगर निगम मार्केट में ठेल लगाने वालों से 12 पैकेट पानी के पाउच के जब्त किए। कुछ दुकानों से पॉलिथीन जब्त की।
टीम ने सुभाष तिराहा, आगरा गेट, गांधी पार्क, बाग छिंगामल होते हुए सिटी प्लाजा पर पहुंची, तभी कुछ व्यापारियों ने पॉलिथीन अभियान का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सिटी प्लाजा पर विरोध शुरू होने के बाद नगर निगम की टीम आगे बढ़ गई। सेंट्रल चौराहे से गंज चौराहे तक पहुंची, तभी व्यापारियों ने टीम को घेर कर विरोध करना शुरू कर दिया।
'चेकिंग का तरीका गलत'
व्यापारियों का कहना था कि हम पॉलिथीन का विरोध नहीं कर रहे हैं लेकिन अभियान का जो तरीका है, वह गलत है। अधिकारी व्यापारियों की दुकानों में अंदर जाकर गुल्लक में हाथ डाल रहे हैं, गद्दी उठाकर देख रहे हैं, जैसे व्यापारी कोई चोर हैं। व्यापारियों के विरोध के बाद सेनेटरी इंस्पेक्टर महेश कुमार के साथ आई टीम लौट
पॉलिथीन के खिलाफ चलाए अभियान का व्यापारियों ने विरोध किया और सिटी मजिस्ट्रेट प्रियंका सिंह से मिले। व्यापारियों ने कहा कि शासन ने किस तरह की पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाया है हमें इसकी जानकारी नहीं है। व्यापारियों के साथ एक बैठक कर पॉलिथीन के मानक तय किए जाएं, उसके बाद अभियान चलाएं। व्यापारियों ने अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया।
नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार ने बताया कि डीएम से वार्ता की गई है। इसमें एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाएगी, जिसमें पुलिस फोर्स भी साथ रहेगा। नगर निगम का कोई अधिकारी अकेले अभियान नहीं चलाएगा। शासन के निर्देश पर पॉलिथीन पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाएगा।