नगर निगम कर्मी और दुकानदार में हुई नोकझोंक
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में पॉलिथीन पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने के लिए नगर निगम की टीम सोमवार को बाजार में निकली। टीम ने दुकानों के अंदर जाकर पॉलिथीन की चेकिंग की लेकिन इसका दुकानदारों ने विरोध किया। नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के बाद टीम वापस लौट आई।
नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार के निर्देश पर सोमवार सुबह दस बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुभाष तिराहे से पॉलिथीन के खिलाफ अभियान शुरू किया।टीम में शामिल नगर निगम के कर्मचारियों ने नगर निगम मार्केट में ठेल लगाने वालों से 12 पैकेट पानी के पाउच के जब्त किए। कुछ दुकानों से पॉलिथीन जब्त की।
टीम ने सुभाष तिराहा, आगरा गेट, गांधी पार्क, बाग छिंगामल होते हुए सिटी प्लाजा पर पहुंची, तभी कुछ व्यापारियों ने पॉलिथीन अभियान का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सिटी प्लाजा पर विरोध शुरू होने के बाद नगर निगम की टीम आगे बढ़ गई। सेंट्रल चौराहे से गंज चौराहे तक पहुंची, तभी व्यापारियों ने टीम को घेर कर विरोध करना शुरू कर दिया।