मैनपुरी के कस्बा कुसमरा क्षेत्र के गांव गुलालपुर निवासी अरविंद सिंह के पुत्र शिव प्रताप ने जिले का नाम रोशन करने का कार्य किया है । शिव प्रताप ने मंगलवार को जारी लोक सेवा आयोग पीसीएस परीक्षा में चौथा स्थान प्राप्त कर जनपद को गौरवान्वित किया है।
शिव प्रताप की प्रारंभिक शिक्षा किशनी में ही हुई। किशनी के जिलेदार सिंह महाविद्यालय से स्नातक की परीक्षा पास करने के बाद दिल्ली में तैयारी के लिए चले गए। शिव प्रताप सिंह ने बताया कि अगर लगन और मेहनत के साथ तैयारी की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। शिव प्रताप के पिता अरविंद सिंह फिरोजाबाद की जसराना तहसील में पूर्ति निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। शिव प्रताप अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा सेवानिवृत्ति दरोगा अतर सिंह यादव और अपनी दादी सूरजमुखी को देते हैं। शिव प्रताप ने बताया कि उनकी ग्रहणी मां मीना देवी का उनकी सफलता में विशेष सहयोग रहा है। शैक्षिक स्तर पर उन्होंने हर समय आगे बढ़ाने का कार्य किया।
खुशी की लहर
मंगलवार को जैसे ही गुलालपुर के लोगों को पता चला कि उनके गांव के बेटे ने पीसीएस परीक्षा में चौथा स्थान पाया है, तो गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के लोग दादा अतर सिंह यादव को बधाई देने के लिए उनके घर पर पहुंचे। शिव प्रताप की सफलता पर गांव में खुशी की लहर है। शिव प्रताप वर्तमान में दिल्ली में रहकर तैयारी कर रहे हैं।