एटा के जैथरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव हाजीपुर में आश्रम के नवनिर्माण के लिए नींव की खुदाई कराई जा रही है। बुधवार दोपहर के समय खुदाई में एक प्राचीन शिवलिंग मिला। जानकारी पर देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने पूजा-अर्चना भी की।
विज्ञापन
गांव हाजीपुर के आश्रम की देखभाल गांव के अरविंद पांडेय, रविंद्र, श्याममोहन एवं राममोहन करते हैं। आश्रम के नवनिर्माण के लिए नींव की खुदाई करा रहे हैं। बुधवार को प्राचीन शिवलिंग मिलने पर आसपास के गांव के लोग दर्शन करने को एकत्रित होने लगे। लोग इसे देखकर अद्भुत शिवलिंग बता रहे हैं।
अरविंद सहित चारों भाइयों ने बताया कि खुदाई में मिली प्राचीन शिवलिंग की मोटाई आठ इंच और लंबाई दो फीट है। इसमें जलाधारी बनी हुई है। यह रंग भी बदल रहा है, इसको लेकर क्षेत्र के लोग आश्चर्य में हैं। शिवलिंग के दर्शन कर खुद को कृतार्थ मान रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि आश्रम में मंदिर का निर्माण कराकर इस शिवलिंग की स्थापना कराएंगे। बुधवार को जल वास कराया गया है। खुदाई में शिवलिंग मिलने की जानकारी पर कानून व्यवस्था के मद्देनजर थाना पुलिस भी पहुंची। एसडीएम अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को जानकारी देकर इसका एतिहासिक महत्व पता किया जाएगा। उसके आधार पर निर्णय लिया जाएगा।