शहर के चांदेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को पूजा करते भक्त
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। सावन के तीसरे सोमवार को घर-घर बम-बम भोले के जयकारे गूंजे। कोरोना संक्रमण के खतरे के चलते अधिकांश भक्तों ने घरों में पूजा-अर्चना की। शहर के प्राचीन भीमसेन मंदिर के कपाट तीसरे सोमवार को भी नहीं खुले। चांदेश्वर मंदिर में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए भक्तों ने दर्शन किए। कस्बों और ग्रामीण अंचल के मंदिरों में श्रद्घालुओं ने श्रद्धाभाव के साथ पूजन किया।
सावन के सोमवार का शिव भक्तों के लिए विशेष महत्व है। जिला प्रशासन के निर्देश पर चांदेश्वर मंदिर के कपाट खुले। सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए मंदिर परिसर में पुलिस की तैनाती रही। भक्तों ने शासन की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए बारी-बारी से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
भीमसेन मंदिर के कपाट बंद होने की वजह से लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। भोगांव कस्बा स्थित र्साइं मंदिर व छोटा बाजार भोलेनाथ मंदिर में पहुंचकर भक्तों ने पूजा की। इसके साथ ही किशनी, कुसमरा, करहल, बेवर क्षेत्र में मंदिरों में दिनभर श्रद्घालु पूजा के लिए पहुंचते रहे।