मैनपुरी। प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ की बैठक बुधवार को गोपीनाथ अड्डा स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में शिक्षामित्रों की समस्याओं पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष अनुराग मिश्रा ने कहा कि 25 जुलाई को समायोजन निरस्त होने की तिथि को जिले का शिक्षामित्र काला दिवस के रूप में मनाएगा। सभी शिक्षामित्र काली पट्टी बांध कार्य करते हुए समायोजन बहाली की मांग करेंगे।
जनपदीय पदाधिकारियों के साथ बैठक में अनुराग मिश्रा ने कहा कि 25 जुलाई को शिक्षामित्रों का समायोजन रद्द किया गया था। वह काला दिवस शिक्षा मित्रों के लिए आज भी काला बना हुआ है। सरकार ने कई बार वादा किया लेकिन आज तक उनका समायोजन शिक्षक पद पर नहीं किया गया। प्रदेश भर का शिक्षा मित्र आज काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए समायोजन रद्द की तिथि को काला दिवस के रूप में मनाएगा। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को दोपहर बाद जिले भर के शिक्षा मित्र एसपी कंप्यूटर जिला कार्यालय गोपीनाथ अड्डा पर एकत्रित होंगे। यहां से सभी शिक्षा मित्र जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर समायोजन बहाली को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को देंगे। बैठक में जिला उपाध्यक्ष शुभम शक्ति भदौरिया, रेणुका देवी, सुरजन, महेश आदि मौजूद रहे।