मैनपुरी। जिले में कार्यरत शिक्षामित्रों को मई से मानदेय नहीं मिला है। मंगलवार को शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक कर बीएसए से शीघ्र मानदेय दिलाए जाने की मांग की।
जनियुग नगर स्थित जिला कार्यालय पर शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रभारी विनीत प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षामित्रों को मई से मानदेय नहीं मिला है जबकि शिक्षकों का वेतन समय से पहुंच रहा है। शिक्षामित्र भी शिक्षकों के साथ बराबर स्कूल पहुंच रहे हैं।
जिला संगठन मंत्री अनुराग मिश्रा ने कहा कि खंड शिक्षाधिकारियों को अपनी सोचे बदल देनी चाहिए। शिक्षामित्र भी शिक्षक के समान कार्य कर रहे हैं जब शिक्षकों की उपस्थिति समय से पहुंच जाती है तो फिर शिक्षामित्रों की क्यों नहीं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष शुभम शक्ति भदौरिया ने कहा कि कोविड-19 के कारण वे लोग धरना प्रदर्शन से बचना चाहते हैं। यदि शिक्षाधिकारियों ने अपना रबैया नहीं बदला तो वे लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
मानदेय भेजे जाने की तैयारी पूरी है। खंड शिक्षाधिकारियों से उपस्थिति मांगी गई है। उपस्थिति मिलते ही सभी शिक्षामित्रों का मानदेय उनके खातों में भेज दिया जाएगा।
विजय प्रताप सिंह, बीएसए