मानव संपदा पोर्टल पर फीडिंग के दौरान शिक्षामित्र को फर्जी बीएडधारक दिखाकर सूची में शामिल कर दिया गया। वहीं लिपिक ने मौखिक रूप से अभिलेख दिखाने के लिए शिक्षामित्र को कार्यालय बुलाया और जमकर हड़काया। सफाई देने पर लिपिक ने शिक्षामित्र को एफआईआर कराने तक की चेतावनी दे डाली। अब परेशान शिक्षामित्र अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।
शिकोहाबाद ब्लॉक के प्राइमरी विद्यालय साढूपुर में तैनात शिक्षामित्र राजेंद्र सिंह को मानव संपदा पोर्टल की डाटा फीडिंग के दौरान फर्जी शिक्षक दर्शा दिया गया है। सूची में अपना नाम देखकर शिक्षामित्र के होश उड़ गए। इधर, सूची में नाम आने के बाद बीएसए कार्यालय के पटल बाबू ने शिक्षामित्र को कार्यालय बुलाया और हड़काने लगे।
ये भी पढ़ें- उज्जैन में विकास दुबे की गिरफ्तारी यूपी पुलिस की नाकामी, दुर्दांत को मार देना चाहिए: शहीद के पिता
शिक्षामित्र ने बताया कि उसने अभी बीएड नहीं की है। इसके साथ ही शिक्षामित्र राजेंद्र सिंह ने अन्य जानकारियां भी उपलब्ध कराईं। बीएसए अरविंद पाठक का कहना है कि शिक्षामित्र को फर्जी शिक्षकों की सूची में शामिल करने के मामले की जांच कराई जा रही है। यदि शिक्षामित्र सही है तो कोई कार्रवाई नहीं होगी।