आगरा। इंदौर में दूषित पानी से लोगों की मौत के बाद भी जल निगम ने सबक नहीं सीखा। आगरा पेयजल आपूर्ति योजना के तहत जल निगम पश्चिमपुरी, गैलाना, शास्त्रीपुरम क्षेत्र में गंगाजल की लाइन नाले-नालियों के अंदर से होकर बिछा रहा है। इससे पाइप के जल्द गलने और लीकेज होने पर दूषित पानी की आपूर्ति का खतरा है, वहीं नालों के बीच से पानी की लाइन निकलने पर प्रवाह भी रुकेगा। जल निगम की शहरी इकाई पश्चिमपुरी, गैलाना, शास्त्रीपुरम क्षेत्र की कॉलोनियों में गंगाजल की लाइन बिछा रही है। यहां शास्त्रीपुरम जोनल पार्क से लेकर देवीराम फूड सर्किल वाली 80 फुट रोड के साथ इससे जुड़ी कॉलोनियों अरविंद पुरम, शैलेंद्र पुरम, ऋषिपुरम, हरीश नगर, सालासर हनुमान मंदिर, प्रतीक एन्क्लेव, राधिका विहार रोड, पश्चिमपुरी पुलिस चौकी रोड में नाले और नालियों के बीच से पानी की लाइनें निकाल दी गई हैं। अरविंदपुरम में सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास नाले से पाइप निकालने के लिए सीसी से बनाए गए नालों को तोड़ दिया गया, जिससे उसका पानी सड़क और खोदे गए गड्ढे में भर गया। क्षेत्रीय लोगों महेंद्र सिंह, अरविंद सिंह और विकास कुमार ने पानी की लाइन नाले से निकालने का विरोध किया है।
नालों से हटा रहे पेयजल लाइन, करोड़ों का खर्च
शहर में नाले और नालियों से पुरानी बिछीं पाइप लाइनों को नगर निगम हटवा रहा है। लंगड़े की चौकी, आवास विकास, बोदला, छत्ता क्षेत्र के नालों के अंदर से निकल रहीं पानी की पुरानी लाइनों को हटाने में लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं, वहीं इस वजह से दो से तीन दिन तक जलापूर्ति भी ठप हो जाती है। करीब 10 करोड़ रुपये नालों से पानी की लाइनें हटाने पर खर्च होंगे। हाल में ही इंदौर में दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों की जान जाने के बाद निगम ने लीकेज की आशंका पर पानी की लाइनों को हटवाने का काम शुरू किया है। ऐसे में जल निगम फिर से नालों के अंदर से ही पानी की लाइनें निकाल रहा है।
- नालों के बीच से होकर पानी की लाइनें निकालने की शिकायत संज्ञान में आई है। हमने इस काम को कर रही फर्म जैनको से पाइप लाइन नालों के ऊपर से निकालने को कहा है। जो नाले तोड़े हैं, उनकी मरम्मत कराई जाएगी।
गौरव चौधरी, प्रोजेक्ट मैनेजर, जलनिगम
- नाले के अंदर से हम लाइनें हटवा रहे हैं, ऐसे में जलनिगम बीच में से लाइनें बिछाएगा तो सफाई में दिक्कत आने के साथ भविष्य में लाइन लीकेज होने पर मरम्मत में दिक्कत और दूषित पानी की आशंका रहेगी। जल निगम से तत्काल लाइनें हटाने को कहा है।
- अंकित खंडेलवाल, नगर आयुक्त