आगरा में चोरी की ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे जानकर हैरान रह जाएंगे। चोर भेड़ और बकरियों की चोरी करने के लिए लग्जरी कार से आए। इस चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों ने शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
आगरा के किरावली थाना क्षेत्र के दो गांवों में चोरी की घटना सामने आई है। चोर महंगी कार से आए थे। दो घरों से भेड़-बकरियां लेकर भाग निकले। तीन दिन पहले हुई घटना की तहरीर मिलने के बाद एफआईआर दर्ज करने की बजाय पुलिस जांच में जुटी है।
विज्ञापन
घटना रविवार रात एक बजे की है। थाना किरावली क्षेत्र के गांव नगला बहरावती निवासी राजेश कुमार और अछनेरा के बरहावती खास निवासी रवि कुमार के घरों पर कार सवार पांच चोर आए थे। कार में भेड़-बकरियां को उठाकर रख लिया। आवाज सुनकर परिवार के लोग जाए गए। वह जब तक कुछ कर पाते, तब तक आरोपी तमंचा तानकर भाग निकले। दोनों घरों से 16 भेड़-बकरियां ले गए हैं। पीड़ितों ने अछनेरा और किरावली थाने में दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। हालांकि मामले ने जब तूल पकड़ना शुरू किया तो जांच शुरू कर दी।
ग्रामीण बोले- पुलिस ने नहीं की मदद, ड्रोन उड़ने की चर्चा
गांव में लुटेरों के घुसने की खबर फैलते ही दोनों गांव के लोगों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। आसपास के क्षेत्रों में तलाश की लेकिन आरोपी नहीं मिले। दावा किया कि सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। लुटेरों की तलाश करने के बजाय घटना को ही नकारने में जुटी रही। हालांकि जब ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ा ताे तहरीर लेकर जांच कराने की बात कहकर चले गए। चर्चा तो यह भी है कि वारदात से पहले क्षेत्र में लोगों ने ड्रोन उड़ते हुए देखे थे। हालांकि पुलिस पुष्टि नहीं कर रही है।
विज्ञापन
वारदात की जांच कराई जा रही है
डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा ने बताया कि चोरी की जानकारी मिली है। इस पर जांच कराई जाएगी। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी। वारदात की पुष्टि होने पर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।