मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव कुरारी निवासी शमशाद की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट गला दबाकर हत्या की ओर इशारा कर रही है। इससे पहले परिजन पीट-पीटकर हत्या की बात कह रहे थे। वहीं पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव कुरारी का रहने वाला शमशाद उर्फ बंटू फर्नीचर बनाने का काम करता था। बुधवार की देर रात उसका पत्नी साइना से झगड़ा हुआ और इसके बाद पड़ोस के रहने वाले कुछ युवक वहां आए और रोका। इसी बात को लेकर शमशाद का पड़ोसियों से झगड़ा हो गया था। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने शमशाद की पिटाई कर दी थी। मामला शांत हो गया था, लेकिन रात में शमशाद की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। मृतक के भाई इमरान ने आरोप लगाया था कि युवकों ने पीट पीटकर भाई को मार डाला। पुलिस ने भाई इमरान की तहरीर पर देवेंद्र, प्रमोद, विकेश और शिवम के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
----
वर्जन
एएसपी पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देंगे। घटना कैसे हुई आदि के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -अशोक कुमार राय, एसपी