बेवर। थाना क्षेत्र में बरमदेव मंदिर पर नेजा चढ़ाने के दौरान सात वर्षीय बालक की कार चपेट में आने से मौत हो गई। बालक कन्नौज के सौंरिख क्षेत्र का रहने वाला था, वह परिजन के साथ नेजा में शामिल होने आया था। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया।
कन्नौज के थाना सौंरिख क्षेत्र के गांव जरिहापुर निवासी प्रमोद कुमार शनिवार को नेजा चढ़ाने के लिए थाना क्षेत्र में बेवर फर्रुखाबाद मार्ग स्थित बरमदेव मंदिर आए थे। दो पिकअप में परिवार व गांव के करीब 30-40 लोग थे। मंदिर पर सभी पूजा अर्चन कर रहे थे तभी विनोद का सात वर्षीय पुत्र पंकज कुमार खेलते हुए मंदिर से बाहर सड़क पर आ गया। मार्ग से गुजर रही कार ने उसे रौंद दिया। बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही परिजन में कोहराम मच गया। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवाया।