रविवार दोपहर आई आंधी से सिकंदरा वाटर वर्क्स में बिजली ट्रांसफार्मर में हुए फाल्ट के कारण 144 एमएलडी गंगाजल और 72 एमएलडी यमुनाजल के दोनों प्लांट ठप हो गए। इस कारण आधे शहर की जल आपूर्ति ठप हो गई। इससे करीब सात लाख लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन
रविवार शाम और सोमवार सुबह और शाम को आधे शहर में जलापूर्ति नहीं हुई। शाम को छह बजे के बाद टंकियों में पानी पहुंचना शुरू हुआ, जिसके बाद रात को नौ से 10 बजे के बीच कॉलोनियों में घरों तक गंगाजल पहुंचा। रविवार दोपहर दो बजे आई आंधी के कारण सिकंदरा वाटर वर्क्स पर 2:50 बजे फॉल्ट हो गया।
इससे सिकंदरा वाटरवर्क्स की सभी मशीनें ठप हो गईं। रात 11 बजे यह फॉल्ट ठीक किया गया, लेकिन 12 बजते ही फिर से फॉल्ट हो गया जिसे सोमवार की दोपहर तीन बजे तक सुधारा जा सका। करीब 24 घंटे के इस शटडाउन के कारण सिकंदरा वाटरवर्क्स से पोषित क्षेत्रों में रविवार की शाम और सोमवार की सुबह और शाम को जलापूर्ति नहीं हो पाई। सिकंदरा वाटरवर्क्स से लगभग आधे शहर में आपूर्ति की जाती है। इस वजह से सोमवार को आधे शहर के लोगों को पेयजल संकट झेलना पड़ा।
विज्ञापन
इन इलाकों में नहीं हुआ आपूर्ति
शास्त्रीपुरम, तोता का ताल, आवास विकास, लॉयर्स कॉलोनी, मदिया कटरा, शाहगंज, लोहामंडी, संजय प्लेस, खंदारी, सूर्य नगर, बोदला, केशवकुंज, गढ़ी भदौरिया, अलकापुरी, प्रतापनगर, केदारनगर, घटिया आजम खां।
आंधी के कारण आई दिक्कत
आंधी के कारण बिजली नेटवर्क में दिक्कत और वाटर वर्क्स में फॉल्ट के कारण शटडाउन हो गया था जिसकी मरम्मत सोमवार को दोपहर में हो सकी। उसके बाद प्लांट चालू करके एक-एक करके सभी क्षेत्रों में जलापूर्ति शुरू की गई। -आरएस यादव जलकल महाप्रबंधक
पानी का इंतजार करते रहे
आंधी के बाद से ही सप्लाई बंद हो गई थी। सुबह पानी के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन टोंटी से पानी आया ही नहीं। हमने जलकल को बार बार फोन किया तो वहां से पता चला कि रात में ही आपूर्ति मिल पाएगी। -रुचि सक्सेना, सेक्टर 16, आवास विकास
पड़ोसी से दो बाल्टी पानी उधार लिया
आंधी के कारण पूरे घर में धूल भर गई, हम सुबह नहाने के लिए एक-एक बूंद पानी को तरसते रहे। पड़ोसी से दो बाल्टी पानी लेकर जैसे-तैसे काम चलाना पड़ा। पूरे दिन बिना पानी के रहना पड़ा, जबकि कोरोना के कारण बार-बार हाथ धोना जरूरी है। -अभिषेक अग्रवाल, मदिया कटरा
कोई वैकल्पिक व्यवस्था हो
इतने बड़े वाटरवर्क्स में फॉल्ट के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम होना ही चाहिए। एक फॉल्ट के कारण पूरी सप्लाई ठप हो गई। ऐसा सिस्टम बनाया जाए जिससे आपूर्ति में कोई बाधा न आए और प्लांट चलता रहे। संक्रमण को रोकने में पानी का बड़ा योगदान है। -कन्हैयालाल, बोदला
कुछ लोगों तक ही पहुंचा टैंकर
सुबह पानी के लिए इंतजार करना पड़ा, लेकिन जब पता चला कि पानी नहीं आएगा तो टैंकर का इंतजार करते रहे। लेकिन, हॉटस्पॉट एरिया होने के कारण घर-घर तक पानी नहीं पहुंच पाया। बल्लियां लगे होने के कारण कुछ घरों में ही पानी टैंकर के जरिए मिल पाया।-संजय श्रीवास्तव, दिल्ली गेट
जलकल से मंगा सकते हैं टैंकर
किसी भी कारण यदि पानी की किल्लत हो रही है तो जलकल के कंट्रोल रूम 8192095401 पर फोन करके पानी का टैंकर मंगाया जा सकता है। इसके अलावा यदि आपके पड़ोस में कोई सबमर्सिबल पंप लगा है तो वहां से भी मदद मांग सकते हैं।