मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की साइड बाधित होने के कारण शुक्रवार को छूटे हुए कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के अंक अपलोड करने में कॉलेज संचालकों को दिक्कतें उठानी पड़ीं। जिले के छह कॉलेजों के इंटरमीडिएट और एक कॉलेज के हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं के अंक अपलोड नहीं हो सके।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं निरस्त कर दी हैं। परिषद ने हाईस्कूल के परीक्षार्थियों के लिए नवीं और हाईस्कूल प्रीबोर्ड परीक्षा और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के 11वीं और 12वीं प्रीबोर्ड परीक्षा के अंक अपलोड करने के निर्देश पूर्व में कॉलेज संचालकों को दिए थे। जिले के 16 कॉलेजों ने इंटरमीडिएट और चार कॉलेजों ने हाईस्कूल के अंक अपलोड नहीं किए थे। जिस पर बृहस्पतिवार को इन कॉलेजों को नोटिस जारी किया गया था। परिषद ने चार जून तक छूटे हुए कॉलेजों को अंक अपलोड करने के निर्देश दिए थे लेकिन शुक्रवार को परिषद की साइड बाधित रही। दोपहर बाद तो साइड पूरी तरह से ही बंद हो गई। इसके चलते इंटरमीडिएट के छह और हाईस्कूल के एक कॉलेज के छात्र-छात्राओं के अंक अपलोड नहीं हो सके।
---
कॉलेज संचालकों ने शुक्रवार को अंक अपलोड करने का कार्य किया लेकिन साइड बाधित होने के कारण दिक्कतें आईं। दोपहर बाद तो साइड पूरी तरह से बंद हो गई। परिषद कार्यालय से जानकारी जुटाई तो बताया गया कि उच्चाधिकारियों की बैठक चल रही है आगे का जो निर्णय होगा वह बाद में बताया जाएगा। -नाजर सिंह यादव प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक