वायुसेना के एक पूर्व अधिकारी के नौकर ने बड़ा विश्वासघात कर डाला। चुपके से उसने डेबिट कार्ड का पिन जान लिया। इसके बाद से खाते से 75 हजार रुपये की रकम उड़ा दी।
आगरा में वायुसेना के एक पूर्व अधिकारी के बैंक खाते से घरेलू नौकर ने 75 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत पर थाना हरीपर्वत पुलिस ने नौकर, उसके पिता समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
मंडी शहीद खां निवासी रुपेंद्र कश्यप वायुसेना के सेवानिवृत अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर पर कार्यों में सहयोग के लिए कुबेरपुर का अंकुश शर्मा रहता था। उसने दो महीने में विश्वास जीत लिया। इसी का फायदा उठाकर उसने डेबिट कार्ड का पिन जान लिया। इसके बाद खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए।
पता चलने पर जब अंकुश से पूछताछ की तो उसने रुपये निकालने की बात स्वीकार कर ली। बाद में रुपये देने से इन्कार कर दिया। उन्होंने अपने किराएदार को अंकुश के घर भेजा तो अंकुश के पिता ने भी गाली-गलौज की। इस मामले में अंकुश, उसके पिता और दोस्त के विरुद्ध केस दर्ज कराया है।