किशनी। वोट डालने के बाद अचानक लापता हुए एक युवक का शव बृहस्पतिवार की सुबह एक खेत में पड़ा मिला। जानकारी होने के बाद रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। मौत की वजह संदिग्ध मानते हुए कारण जानने के लिए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। उसके भाई ने तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी 19 वर्षीय महरोज 19 अप्रैल को मतदान करने के लिए पोलिंग बूथ पर गया था। मतदान करने के बाद वह अचानक कहीं लापता हो गया। परिजनों के अनुसार काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं लगा तो उन्हें लगा कि वह कहीं चला गया होगा।
बृहस्पतिवार सुबह गांव के बाहर एक खेत में महरोज का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि महरोज हथठेल लगाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। भाई फिरोज की ओर से थाने में तहरीर दी गई। तहरीर में सिर्फ पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही गई है। मौत क्यों और कैसे हुई इस संबंध में कोई जिक्र नहीं किया गया। थाना पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।