फतेहाबाद। तहसील क्षेत्र के गांव गुर्जा नन्दन में मंगलवार सुबह गांव के तालाब में बड़ी संख्या में कछुओं सहित अन्य जलीय जीवों के मृत अवस्था में तैरते मिलने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पहले हुई बारिश के बाद तालाब के पानी में अचानक जलीय जीवों की मौत हुई है। उनका अनुमान है कि तालाब में किसी जहरीले पदार्थ या खेतों से बहकर आए कीटनाशक के पहुंचने से यह घटना हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि तालाब का दूषित पानी पशुओं ने पी लिया, तो उनके स्वास्थ्य पर भी खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने वन विभाग और तहसील प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की आशंका न रहे।
मामले की जानकारी मिली है। टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - विशाल राठौर, वन क्षेत्राधिकारी फतेहाबाद