आगरा। खेलो इंडिया गेम्स में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए। भारोत्तोलन में सीमा सिकरवार और तीरंदाजी में अरविंद ने कांस्य पदक जीता।
बीकानेर में आयोजित भारोत्तोलन प्रतियोगिता में सीमा सिकरवार ने 63 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। सीमा पिछले तीन वर्षों से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं सम्मानित कोच डॉ. गिरीश कुमार के मार्गदर्शन में लगातार प्रशिक्षण ले रही हैं। जयपुर के जगतपुरा तीरंदाजी रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के खिलाड़ी अरविंद चौधरी ने व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। टीम पिछले दो वर्षों से कोच रवि शंकर वर्मा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर पदक जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ा रही है। सीमा और अरविंद चौधरी की इस उपलब्धि पर निदेशक डॉ. अखिलेश चंद्र सक्सेना ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों को हार्दिक बधाई दी।