पुलवामा हमले के बाद देशभर में आतंकियों का नेटवर्क खंगाला जा रहा है। एटीएस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में छापा मारा। आतंकियों का बड़ा नेटवर्क भी सामने आया है, वहीं खुफिया इनपुट के बाद मथुरा में भी चौकसी बढ़ा दी गई है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर तो कई प्वाइंट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शुक्रवार को यलो जोन में दिनभर सर्च अभियान चला। जन्मस्थान के आसपास वाले सभी होटल और गेस्ट हाउस भी चेक किए गए। इससे हड़कंप मचा रहा।
एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि कड़ी चौकसी बरती जा रही है। जो भी संवेदनशील स्थल हैं वहां पुलिस बल तैनात है। खुफिया एजेंसियां भी अपने स्तर से निगहबानी कर रही हैं। शासन के आदेश के मुताबिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी चेकिंग कर रहे हैं।
एसएसपी ने बताया कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद मथुरा पुलिस ने सभी संस्थानों से कश्मीरी छात्रों के बारे में रिपोर्ट मांगी थी। लेकिन कहीं से भी इन छात्रों के पढ़ने की जानकारी नहीं मिली है। रिफाइनरी की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।