आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र में घास की मंडी तिराहा पर सर्जिकल दुकान में 20 दिनों में दूसरी बार बुधवार देर रात को चोरी हो गई। दुकान में दो चोर घुस आए। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
बेलनगंज निवासी राजीव गुप्ता ने बताया कि उनकी घास की मंडी में संजय फार्मेसी के नाम से दुकान है। सुबह दुकान खोली तो उसमें से कुछ कार्टन आदि गायब थे। दुकान की खिड़की खुली पड़ी थी। सीसीटीवी देखने पर पता चला कि दो व्यक्ति रात करीब दो बजे दुकान में घुसे थे। वही कार्टन और सामान लेकर चले गए। उन्होंने बताया कि यह उनकी दुकान में चोरी की दूसरी घटना है। इससे पहले 30 अक्टूबर की रात को भी चोर दुकान में घुस कर चोरी कर ले गए थे।
तब पुलिस को शिकायत कर सीसीटीवी फुटेज दिखाए थे लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 20 दिन में दो बार हुई चोरी की घटना पर भाजपा नेता राजेश राठौर ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एसीपी से मिलकर शिकायत करने की बात कही है। थाना प्रभारी छत्ता ने बताया कि चोरी की घटना में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। सीसीटीवी में दिख रहे चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।