मथुरा। राजस्थान बॉर्डर पर तैनात नंदगांव पुलिस।
- फोटो : MATHURA
कोसीकलां/मथुरा। हरियाणा और राजस्थान से सटी सीमाएं सोमवार से सील कर दी गई हैं। इन सीमाओं के माध्यम से मथुरा में प्रवेश करने वालों को रोक दिया गया। कई लोगों को वापस भी कर दिया गया। केंद्र और प्रदेश सरकार के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया।
लॉकडाउन के छठवें दिन सोमवार को केंद्र और प्रदेश सरकार के आदेश मिलते ही पुलिस प्रशासन ने राजस्थान और हरियाणा से लगती सीमाएं सील कर दीं। आगरा-दिल्ली हाईवे पर कोटवन बॉर्डर पर बैरियर लगाकर पैदल आ रहे लोगों को मथुरा की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके अलावा राजस्थान के मथुरा-भरतपुर मार्ग के जाजनपट्टी, गोवर्धन-डीग मार्ग, गोवर्धन के गांव कौंथरा और गांठौली से जुड़ी राजस्थान की सीमा को भी सील कर दिया गया।
उधर, ओल पर भी राजस्थान की सीमा पर बैरियर लगा दिया गया है। लगातार पुलिस की टीमें नजर रखे हुए हैं। शहर में घुसने वाले मार्गों पर भी बैरियर लगाकर पुलिस पूरी मुस्तैद दिख रही है। एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। किसी को मथुरा की सीमा में नहीं घुसने दिया जाएगा। कोताही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।