माफिया के गुर्गे को लात मारता पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में खेरागढ़ कस्बे के उंटगिर चौराहे के समीप चंबल माफिया के ट्रैक्टर रफ्तार से वहां मौजूद एसडीएम हैरान रह गईं। एकाएक उन्होंने अपने कदम पीछे की ओर खींच लिए। घनी आबादी के बीच चंबल खाली कर लौट रहा ट्रैक्टर फर्राटा भरता हुआ निकल गया। एसडीएम के साथ मौजूद पुलिस बल भी ट्रैक्टर को नही पकड़ सका, लेकिन माफिया के साथ बाइक से चल रहे दो गुर्गों को पुलिस ने दबोच लिया है। जिसके बाद गुर्गे की बीच सड़क पर जमकर पिटाई की गई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
एसडीएम अनुज नेहरा गुरुवार की शाम पुलिस बल के साथ कस्बे में पैदल गस्त कर रही थीं। उंटगिर चौराहे के समीप कागारौल चौराहे की तरफ से आ रहे माफिया ने पुलिस बल के साथ एसडीएम को देख ट्रैक्टर की स्पीड बढ़ा दी। ट्रैक्टर की रफ्तार देख एसडीएम भी दंग रह गयी राहगीर भी अपने वाहनों को साइड कर खड़े रह गये। बैखोफ माफिया फर्राटे भरता हुआ निकल गया।
एसडीएम के सामने माफिया के दुस्साहस के बाद पुलिस ने माफिया के दो गुर्गों को पकड़ लिया है। इसके बाद माफिया के गुर्गे को सड़क पर डालकर जमकर पीटा गया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसडीएम अनुज नेहरा ने बताया कि चंबल सैंड का खाली ट्रैक्टर आबादी क्षेत्र से ओवर स्पीड के साथ गुजर रहा था, पुलिस ने माफिया के दो गुर्गो को पकड़ लिया है। मेरे ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने की बात गलत है, लेकिन तेज रफ्तार से कभी भी हादसा हो सकता है। पकड़े गये आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व में सिपाही को कुचलकर मार दिया था
बता दें सैया में तैनात सिपाही को चंबल माफिया ने कुचल दिया था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गयी थी। चंबल सैंड माफिया से खेरागढ़, सैया, इरादत नगर, जगनेर, बसई जगनेर थाना क्षेत्र में कई बार मुठभेड़ भी हो चुकी है, जिसके एक दर्जन से अधिक मामले विचाराधीन हैं। माफिया से बुरहरा में हुई मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं थीं, लेकिन माफिया के हौसले आज भी बुलंद हैं।