मैनपुरी। कुरावली रोड पर ईशन नदी पुल के पास विनयमित क्षेत्र से बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे मकान का लिंटर डालने के लिए लगाई गई शटरिंग को एसडीएम सदर ने बुलडोजर से तुड़वा दिया। एसडीएम ने शिकायत मिलने पर जांच के बाद यह कार्रवाई कराई है।
ईशन नदी पुल के पास प्रदीप कुमार नाम के व्यक्ति द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा है। एसडीएम सदर को शिकायत मिली कि यह मकान विनयमित क्षेत्र से बिना नक्शा पास कराए बनाया जा रहा है। एसडीएम ने राजस्व कर्मियों से जांच कराई तो पता चला कि नक्शा पास कराए बिना निर्माण कराया जा रहा है। राजस्व कर्मियों की रिपोर्ट के बाद बृहस्पतिवार की शाम एसडीएम सदर अभिषेक कुमार राजस्व और पुलिस कर्मियों के साथ बुलडोजर लेकर पहुंच गए। एसडीएम ने मकान का लिंटर डालने के लिए लगाई गई शटरिंग को एसडीएम सदर ने बुलडोजर से तुड़वा दिया। मकान मालिक को हिदायत दी कि अगर दोबारा निर्माण करने की कोशिश की गई तो दंडात्मक कार्रवाई होगी।
बिना काम कराए धनराशि निकालने की शिकायत
मैनपुरी। विकासखंड बरनाहल के गांव रेढापुर के रहने वाले संजीव कुमार ने डीएम से शिकायत की है। शिकायत में कहा है कि ग्राम प्रधान तथा पंचायत सचिव ने ग्रामसभा रेढापुर के गांव नगला छवि में बिना काम कराए 80200 रुपये की धनराशि निकाल ली है। मौके पर कोई भी काम नहीं कराया गया है। उसने शिकायत के समर्थन में शपथपत्र भी दिया है। डीएम ने डीपीआरओ को जांच करके कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। डीपीआरओ तुलसीराम विश्वकर्मा का कहना है कि डीएम कार्यालय से पत्र मिला है। शिकायत की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी।