सैनिक स्कूल की जमीन की पैमाइश करती राजस्व टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शहर के आगरा रोड पर सैनिक स्कूल की भूमि को एसडीएम के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पैमाइश करके खाली करवाया। इसके बाद मेड़बंदी करवाकर सैनिक स्कूल को भूमि सौंप दी। इस पर किसानों ने कब्जा कर रखा था। इसके अलावा पास ही पड़ी जिलाधिकारी के नाम दर्ज एक बड़ी भूमि की भी पैमाइश कर मेड़बंदी कराई गई।
सैनिक स्कूल के ठीक पीछे गाटा संख्या 9452 है। यह सैनिक स्कूल के ही नाम दर्ज है। लगभग 21 बीघा क्षेत्रफल वाले इस गाटे पर आसपास के किसानों का कब्जा था। वे ही इस भूमि पर खेती कर रहे थे। इसकी शिकायत तहसील प्रशासन से की गई थी। इस पर मंगलवार को उप जिलाधिकारी सदर ऋषिराज के नेतृत्व में राजस्व विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गाटा की पैमाइश कर मेड़बंदी कराई। साथ ही कब्जा करने वाले किसानों को इस भूमि पर खेती न करने के आदेश दिए।
उन्हें चेतावनी दी कि अगर दोबारा कब्जा किया तो कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ये भूमि सैनिक स्कूल के सुपुर्द कर दी गई। इसके अलावा पास ही पड़े गाटा संख्या 9410 की भी पैमाइश कराई गई। ये भूमि जिलाधिकारी मैनपुरी के नाम दर्ज है। इसका क्षेत्रफल लगभग 108 बीघा है। पैमाइश के बाद जेसीबी से इस भूमि की भी मेड़बंदी कराई गई। राजस्व विभाग की टीम में राजस्व निरीक्षक दयाराम शाक्य, लेखपाल प्रभात कुमार, लेखपाल रणधीर कुमार, श्याम गुप्ता शामिल रहे।
सैनिक स्कूल की एक भूमि पर किसानों का कब्जा था। मंगलवार को पैमाइश के बाद कब्जा हटवाकर मेड़बंदी करा दी गई है। साथ ही जिलाधिकारी के नाम दर्ज एक बड़े भूभाग की भी पैमाइश करवाकर मेड़बंदी कराई गई है।
-ऋषिराज, एसडीएम सदर।