- अंतिम दिन छात्र-छात्राओं ने बनाया बिना बर्तन के भोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जनता इंटर कॉलेज नौनेर में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर का बुधवार को समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन प्रशिक्षकों के साथ स्काउट गाइड हाइक पर निकले। तंबू निर्माण किया और बिना बर्तन के भोजन तैयार किए।
प्रशिक्षण के तीसरे दिन प्रशिक्षक राममोहन मिश्रा ने स्काउट गाइड को बिना बर्तन भोजन बनाने की कला के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मुसीबत में जब आदमी किसी जंगल में फंस जाता है तो वहां वह जंगल में उपलब्ध सामग्री से ही अपने लिए भोजन तैयार कर सकता है।
प्रशिक्षिका कुसुम चौहान ने तंबू निर्माण के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की, वैकल्पिक पुल निर्माण के बारे में भी स्काउट गाइड को उनके द्वारा जानकारी दी गई। प्रशिक्षक रामकुमार वर्मा के साथ स्काउट गाइड विभिन्न टोलियों के माध्यम से हाइक पर निकले। प्रशिक्षक गौरव खैरा ने स्काउट गाइड को कैंप फायर के संबंध में जानकारी दी।
प्रधानाचार्य मयंक यादव ने शिक्षकों के साथ स्काउट गाइड द्वारा सजाए गए तंबू का निरीक्षण किया। इस दौरान स्काउट गाइड द्वारा बिना बर्तन के तैयार किए गए भोजन का भी उन्होंने स्वाद चखा। प्रधानाचार्य मयंक यादव ने छात्र-छात्राओं से कहा कि जो भी जानकारी प्रशिक्षण में तीन दिन तक हासिल की है उसकी जानकारी अपने जूनियर छात्र-छात्राओं को भी दें। शिविर के दौरान शिक्षक श्याम मनोहर और विपिन कुमार का विशेष सहयोग रहा।