मैनपुरी। शहर के मोहल्ला मिश्राना से लापता हुए युवक की स्कूटी दन्नाहार क्षेत्र में नहर के पास लावारिस मिली। ग्रामीणों ने बताया कि युवक मंगलवार की शाम नहर में कूदा है। इसके बाद से ही दन्नाहार, कोतवाली पुलिस नहर में तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मिश्राना निवासी नौसे मिर्जा का 28 वर्षीय पुत्र बिलाल मंगलवार की शाम किसी बात को लेकर पिता से झगड़ा करने के बाद स्कूटी लेकर कहीं चला गया। घर पर बताया कि वह दन्नाहार जा रहा है। इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं लगा। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। इस बीच पता चला कि एक युवक ने दन्नाहार नहर पुल से छलांग लगाई है। मौके पर जाकर देखा तो बिलाल की स्कूटी वहां लावारिस पड़ी हुई थी। इसके बाद से ही दन्नाहार व कोतवाली पुलिस की टीम युवक की नहर में तलाश कर रहीं हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी।
नहर में दिखा युवक का शव
कुसमरा। चौकी क्षेत्र स्थित ढढौंस नहर में बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। इंचार्ज राजीव कुमार मौके पर पहुंचे तब तक शव बहकर रामनगर क्षेत्र में जा चुका था। जानकारी रामनगर चौकी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस नहर में शव की तलाश कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार शव करीब चार से पांच दिन पुराना था। समाचार लिखे जाने तक शव नहीं मिला था। संवाद