मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य से कम रहने के कारण दिनभर मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक बना रहा। हालांकि हवा में नमी अधिक होने से बीच-बीच में हल्की उमस भी महसूस हुई। बारिश का असर जनजीवन और बाजारों पर भी दिखाई दिया। सुबह के समय बारिश होने से बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही। कई दुकानदारों ने देर से दुकानें खोलीं, जबकि फुटपाथ और ठेला लगाने वाले व्यापारियों का काम प्रभावित हुआ। लोग जरूरी कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले।
ये भी पढ़े-
आगरा हादसा: मलबे में दबी वृद्धा अब भी लापता, दो मंजिला दुकान ढहने में जेई दोषी; मुख्य अभियंता को भी नोटिस
बारिश से बचने के लिए जिसने जो मिला, उसी का बनाया सहारा
लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में कई दिलचस्प नजारे देखने को मिले। दोपहिया वाहन चालक रेनकोट पहनकर सफर करते नजर आए, जबकि कई लोग रंग-बिरंगे छाते लेकर बारिश से बचाव करते दिखे। जिनके पास छाता या रेनकोट नहीं था, उन्होंने प्लास्टिक की थैलियों से सिर ढक लिया। कई लोगों ने गमछे या कपड़े को ही सिर पर रखकर भीगने से बचने की कोशिश की। बाजारों और सड़कों पर बारिश से बचने के लिए लोगों की यह जुगाड़ लोगों का ध्यान आकर्षित करती रही।