आगरा। प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम की कमजोर प्रगति पर शासन गंभीर है। माध्यमिक और बेसिक विभाग के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को चेतावनी दी गई है। पंजीकरण न बढ़ने पर कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को डीआईओएस चंद्रशेखर ने परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए पंजीकरण बढ़ाने लिए स्कूल के प्रधानाचार्यों के साथ ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में पंजीकरण की स्थिति कमजोर है, वे तुरंत अभियान तेज करें। छात्र, शिक्षक और अभिभावक को अधिक से अधिक कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जाए। शासन के स्तर से माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग को जिले में कुल 3,44,468 विद्यार्थियों के पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन अब तक केवल 1,09,808 छात्रों का पंजीकरण हुआ हैं। अब तक मात्र 31.88 प्रतिशत प्रगति हुई है। डीआईओएस ने 11 जनवरी तक निर्धारित लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया है। ऑनलाइन मीटिंग से न जुड़ने पर 11 स्कूल प्रधानाचार्यों पर कार्रवाई का निर्देश दिया।
मंडल में अन्य जिलों की स्थिति
आगरा मंडल के अन्य जिलों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। मथुरा में 1,98,654 के लक्ष्य के सापेक्ष 83,576 पंजीकरण हुए हैं, जो 42.07 प्रतिशत है। फिरोजाबाद में 1,91,891 लक्ष्य के मुकाबले 63,846 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, यहां प्रगति 32.86 प्रतिशत रही। वहीं मैनपुरी ने 1,53,871 के लक्ष्य के सापेक्ष 60,188 पंजीकरण कर 39.12 प्रतिशत की प्रगति हासिल की है।