मैनपुरी। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा के लिए पांच अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। 55 फीसदी अंकों के साथ सातवीं उत्तीर्ण और आठवीं में अध्ययनरत छात्र इसके पात्र पांच होंगे।
बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि सरकार की यह योजना छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए बहुत ही लाभदायक है। छात्रवृत्ति की लिखित परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को कक्षा नौ से कक्षा 12 तक प्रतिमाह एक-एक हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में मिलेंगे। बीएसए ने सभी अभिभावकों से पाल्यों को आवेदन कराने की अपील की है। सभी बीईओ को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं कि वह प्रत्येक स्कूल से कम से कम 10-10 छात्रों का योजना के लिए आवेदन कराना सुनिश्चित करें।
परीक्षा की तिथि और अर्हता
शैक्षिक सत्र 2021-22 में कक्षा सात की परीक्षा में 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाले और आठवीं में अध्ययनरत छात्र इसके पात्र होंगे। अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए अंकों में पांच प्रतिशत की छूट है। अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से साढ़े तीन लाख से अधिक न हो। फार्म पांच अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन भरे जाएंगे और छह नवंबर को लिखित परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा सामान्य मानसिक योग्यता परीक्षण एवं शैक्षिक अभिरुचि परीक्षण की 90-90 मिनट की होगी। परीक्षा में ऋणात्मक अंकन नहीं होगा।