स्कूल प्रबंधक को दी जान से मारने की धमकी
बिछवां थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेसी
बिछवां। गांव सुल्तानगंज निवासी एक स्कूल प्रबंधक को नामजद लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। विद्यालय के बाहर आकर गालीगलौज की। उक्त घटना के बाद प्रबंधक की ओर से नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानगंज निवासी अनिल कुमार गुप्ता एक स्कूल का संचालन कर रहे हैं। थाने में तहरीर देकर बताया कि 14 अगस्त को जब वह विद्यालय में थे। तभी गांव निवासी अजय, मुकेश और वीरेंद्र वहां आए और गालीगलौज करने लगे। जब वह बाहर आए और गाली गलौज करने से मना किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान वहां लोग एकत्र होने लगे। तब आरोपी वहां से चले गए। स्कूल प्रबंधक की ओर से घटना के संबंध में थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ धमकी दिए जाने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।