मथुरा में शनिवार को अपनी मौसेरी बहन के साथ घर से स्कूल जाने को निकली छात्रा लापता हो गई। मौसेरी बहन ने अपहरण का हल्ला मचा दिया। पुलिस को बताया कि कार सवार लोगों ने अगवा किया है। घटना कोतवाली के पास की बताई जा रही थी। सुबह सुबह अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया।
छात्रा के परिजन भी कोतवाली पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। लेकिन जब पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देने वाली छात्रा की मौसेरी बहन से कड़ाई के साथ पूछताछ की तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला। पुलिस ने वो कार भी बरामद कर ली है, जिसमें छात्रा को ले जाया गया था।
कोतवाली के महोली रोड स्थित एक कालोनी में रहने वाली 17 साल की छात्रा शनिवार को अपनी मौसेरी बहन के साथ स्कूल पढ़ने के लिए घर से निकली। घर से दोनों करीब पौने सात बजे निकलीं थीं। सुबह को करीब 8 बजे मौसेरी बहन ने छात्रा के अगवा होने की शोर मचा दिया।
मौसेरी बहन से की सख्ती से पूछताछ
दिनदहाड़े छात्रा के अगवा होने की सूचना पर हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने मौसेरी बहन से सख्ती से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी विकास तोमर ने बताया कि छात्रा अगवा नहीं, बल्कि मामा के बेटे के दोस्त के साथ अपनी इच्छा से गई है। चार साल से दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था।
आरोपी युवक मौसेरी बहनों को ट्यूशन भी पढ़ाता था। घर पर युवक का आना-जाना था। कामां का रहने वाला युवक रिफाइनरी में रिलायंस में नौकरी कर रहा था। पिता की तहरीर पर कामां निवासी सोनू पुत्र विष्णु के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए
दिनदहाड़े छात्रा के अगवा होने की खबर पर हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने स्कूल से छात्रा की उपस्थिति रजिस्टर चेक करवाया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस की माने तो एक माह में छात्रा की चार उपस्थिति मिली।
मतलब छात्रा प्रतिदिन स्कूल के लिए तो निकली, पर पहुंची नहीं। प्रेमी संग ही छात्रा घूमती-फिरती रही। सीसीटीवी फुटेज में कहीं भी जबरन ले जाना प्रतीत नहीं हुआ। इस राज को उसकी मौसेरी बहन भी जानती थी।
डीजीपी ने लिया संज्ञान
दिनदहाड़े छात्रा के अगवा की गूंज लखनऊ तक गूंजी। डीजीपी से लेकर एडीजी और पुलिस के आला अफसरों ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया। एसएसपी बबलू कुमार को अगवा छात्रा को सकुशल बरामद के लिए निर्देश दिए। एसएसपी ने भी खुलासे के लिए चार टीमें लगाई। कोतवाली पुलिस ने तत्काल ही छात्रा के अगवा होने की हकीकत से पर्दा हटा दिया।